*प्रसूता और नवजात की मौत पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, भानुप्रतापपुर पहुँचा जिला स्तरीय जांच दल*
,भानुप्रतापपुर से आर,एल, कुलदीप की खबर,
भानुप्रतापपुर दिनांक 23 मई 2026
भानुप्रतापपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूता और नवजात शिशु की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से विशेष जांच दल भानुप्रतापपुर पहुंच चुका है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि समय पर समुचित इलाज और निगरानी नहीं मिलने से महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई, जिसके बाद नवजात सहित प्रसूता की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जांच के दौरान अस्पताल के स्टाफ, ड्यूटी व्यवस्था और उपचार से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
जांच दल के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

