*जिला स्तरीय गोस्वामी तुलसीदास जयंती समारोह पावन धरा ओटेड़ा में धूमधाम से सम्पन्न*
राजमन नाग
*कोंडागांव/माकड़ी:* जिले के विकासखंड माकड़ी अंतर्गत पावन धरा ग्राम ओटेड़ा में जिला स्तरीय गोस्वामी तुलसीदास जयंती समारोह का भव्य आयोजन तुलसी मानस प्रतिष्ठान के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर समूचा ग्राम परिसर राममय हो गया। सुबह से ही रामचरितमानस पाठ, भजन-कीर्तन एवं शोभायात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में तुलसी मानस प्रतिष्ठान के प्रदेश संरक्षक, पूर्व सांसद लोकसभा क्षेत्र कांकेर एवं गोंडवाना समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मोहन मांडवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी श्री हृदय सोरी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्रामपुरी, मंडल अध्यक्ष श्री मानाराम मरकाम, बड़ेराजपुर मंडल अध्यक्ष श्री लालाराम मरकाम, मंडल महामंत्री श्री जीवनदास मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, मानस मंडलियों के प्रमुख एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
अतिथियों का ग्रामवासियों द्वारा पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री मोहन मांडवी ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी केवल एक कवि नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के महान मार्गदर्शक थे। उन्होंने अपनी कालजयी रचना श्रीरामचरितमानस के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श चरित्र को जन-जन तक पहुंचाया। उनका साहित्य आज भी समाज को सत्य, प्रेम, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आज की युवा पीढ़ी को तुलसीदास जी के साहित्य से जुड़ना चाहिए।
सभी वक्ताओं ने कहा कि तुलसीदास जी ने मुगलकाल के कठिन समय में सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की रक्षा की। उनका जीवन संघर्ष और भक्ति का अनुपम उदाहरण है।
वहीं श्री हृदय सोरी, श्री मानाराम मरकाम एवं श्री लालाराम मरकाम ने भी अपने विचार रखे और कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति को जीवंत रखते हैं। ग्राम ओटेड़ा जैसी पावन धरा पर यह जिला स्तरीय आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मानस मंडलियों द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं भजन प्रस्तुत किए गए। अंत में तुलसी मानस प्रतिष्ठान द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन में आसपास के दर्जनों गांवों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और कार्यक्रम को सफल बनाया।

