

राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद वनमंडल में दंतैल हाथी की दस्तक, कई गांवों में बढ़ी सतर्कता
महासमुंद। गरियाबंद वन क्षेत्र में विचरण कर रहा एक दंतैल हाथी अब महासमुंद वनमंडल में पहुंच गया है। हाथी के जिले में प्रवेश के बाद वन विभाग ने संभावित प्रभावित गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।
जानकारी के मुताबिक दंतैल हाथी गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर रेंज से होते हुए महासमुंद वनमंडल में दाखिल हुआ। हाथी धनसुली और जीवतरा के खेतों से होते हुए कक्ष क्रमांक 78 और 79 की ओर बढ़ा। इसके बाद महासमुंद-बागबाहरा मार्ग को पार कर झालखम्हरिया के खेतों से होते हुए कक्ष क्रमांक 65 और रेलवे लाइन पार कर कक्ष क्रमांक 66 के जंगल में पहुंचा है।
वन विभाग के मुताबिक हाथी के कक्ष क्रमांक 67 और 68 की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। ऐसे में हाथी के संभावित मूवमेंट वाले इलाके के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने कहा गया है।
गौरखेड़ा, उमरदा, अरण्ड, मुडमार, पतेरापाली, सिरगिडी, सोरिद और चोरभट्ठी गांवों के ग्रामीणों को हाई अलर्ट पर रहने की सलाह दी गई है। वहीं बनसिवनी, लोहारडीह, परसापानी, घोघीबहार, बंजारी और कोडार क्षेत्र के आसपास भी ग्रामीणों को सतर्क रहने कहा गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी की मौजूदगी वाले इलाकों में जंगल की ओर न जाएं और खेतों या आसपास हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने के बजाय तत्काल वन विभाग के कर्मचारियों को सूचना दें। विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।




