पाथरी (बस्तर): संकुल केंद्र पाथरी के शासकीय शाला मांझीपारा कावड़गांव में शिक्षक दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भारतीय परंपरा का सम्मान करते हुए गांव के एक वयोवृद्ध (बुजुर्ग) व्यक्ति को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में बाजे-गाजे के साथ गांव के मोहल्लों में भव्य शोभायात्रा निकाली। बच्चों ने जगह-जगह पारंपरिक डांडिया नृत्य का शानदार प्रदर्शन किया और पूरे उत्साह के साथ मटकी फोड़ी। इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक जगन्नाथ नाग, पुरुषोत्तम ध्रुव और संकुल समन्वयक चंद्रशेखर स्वादू की प्रमुख भूमिका रही। ग्रामीणों ने इस भव्य आयोजन की जमकर सराहना की।

