दिनांक 03 सितम्बर 2026 को 199वीं वाहिनी, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, पातुरपारा, जिला बीजापुर (छत्तीसगढ़) द्वारा 20वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।


इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वाहिनी परिसर में अंतर-कंपनी वॉलीबॉल, क्रिकेट, रस्साकशी आदि विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें वाहिनी के अधिकारी एवं जवानों के साथ स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह के दौरान सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कमाण्डेंट महोदय ने जवानों को संबोधित करते हुए वाहिनी के 20वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की गौरवशाली भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के अति संवेदनशील क्षेत्रों में तैनाती के दौरान वाहिनी द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने सभी कार्मिकों को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।

समारोह में मुख्य अतिथि श्री बी.एस. नेगी, उप महानिरीक्षक (परि.), रेंज बीजापुर तथा श्री आनंद कुमार, वाहिनी कमाण्डेंट सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त 22, 62, 85, 153, 165, 170, 196, 214, 222, 229 तथा 202वीं वाहिनी के अधिकारीगण, जवान, स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चे भी समारोह में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर 199वीं वाहिनी, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।



