41वें वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर गोयल ग्रुप सम्मानित
श्री बजरंग आयरन एंड माइंस ने खान सुरक्षा पखवाड़ा में जीते कई सम्मान
सुरक्षा, प्रबंधन और फर्स्ट एड श्रेणियों में खदान को मिले कुल चार पुरस्कार
दुर्गूकोंदल/बलौदाबाजार।
41वें वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा 2025 के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में श्री बजरंग आयरन एंड माइंस (गोयल ग्रुप) की खदान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण पुरस्कार अपने नाम किए। यह भव्य आयोजन अडानी सीमेंट के रावन स्थित अम्बुजा सीमेंट्स टाउनशिप, बलौदाबाजार में आयोजित किया गया, जिसमें खनन क्षेत्र से जुड़ी अनेक कंपनियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुसार अतिथियों का टीका, साफा एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत कर किया गया। मुख्य अतिथि डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑफ माइन सेफ्टी श्री रामअवतार मीना ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुरक्षा ध्वज फहराया और सभी को सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसके साथ ही खदानों में सुरक्षित कार्य प्रणाली की कामना करते हुए गुब्बारे भी छोड़े गए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण किया तथा खान सुरक्षा पुस्तिका और कैलेंडर का विमोचन भी किया।
हर वर्ष आयोजित होने वाले इस खान सुरक्षा पखवाड़े का उद्देश्य खदानों में सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस वर्ष कुल 66 खदानों ने इसमें भाग लिया, जिनका निरीक्षण कर विभिन्न श्रेणियों में मूल्यांकन किया गया। इसी क्रम में गोयल ग्रुप की श्री बजरंग आयरन एंड माइंस को पब्लिसिटी प्रोपोगेंडा श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ, जबकि जनरल वर्किंग, माइन प्लान एवं रिकॉर्ड मेंटेनेंस तथा एचईएमएम एंड वर्कशॉप श्रेणियों में तृतीय पुरस्कार हासिल हुआ। इस प्रकार कंपनी को कुल चार प्रमुख पुरस्कार प्राप्त हुए।
इसके अलावा फर्स्ट एड से संबंधित प्रतियोगिताओं में भी कंपनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बेस्ट फर्स्ट एड टीम में द्वितीय स्थान, बेस्ट कैप्टन श्रेणी में धीरज साहू को द्वितीय पुरस्कार तथा बेस्ट फर्स्ट एडर श्रेणी में दिनेश साहू को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इन उपलब्धियों ने कंपनी की सुरक्षा और प्रबंधन प्रणाली की मजबूती को दर्शाया।
कार्यक्रम के दौरान अम्बुजा सीमेंट में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर खनन उद्योग से जुड़े कई प्रतिष्ठित प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गोयल ग्रुप की ओर से पुरस्कार ग्रहण करने के लिए वरिष्ठ महाप्रबंधक डी.के. मोहन्ता, डीजीएम डी.एन. मोहन्ता सहित राजकुमार गुप्ता, रवि तिवारी, अंकुर गोयल, नितेश मोहन्ता, देवेंद्र प्रसाद, धीरज साहू, दिनेश साहू, मनीष यादव, एकांत माने एवं पुरुषोत्तम सिन्हा मौजूद रहे।
इस उपलब्धि पर कंपनी प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प दोहराया।






