मनीष कौशिक

मोहला:–धार्मिक आस्था और उमंग से परिपूर्ण श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। ग्राम मिस्री और भोजटोला में इस अवसर पर विशेष आयोजन हुए, जहां ग्रामीणों ने एकजुट होकर पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ नंदलाल के जन्मोत्सव का पर्व मनाया कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना अध्यक्ष नम्रता सिंह उपस्थित रहीं। ग्रामवासियों ने परंपरागत राउत नाचा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूरे गांव का वातावरण कृष्ण भक्ति और लोक संस्कृति से सराबोर हो उठा पूरे आयोजन की शुरुआत श्रीकृष्ण के भजन-कीर्तन से हुई। गांव की महिलाएं और बालिकाएं हाथों में थाल सजाकर भक्ति गीत गा रही थीं, वहीं पुरुष वर्ग ढोल-नगाड़ों और परंपरागत वाद्य यंत्रों की थाप पर राउत नाचा प्रस्तुत कर रहे थे। इस दौरान “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” जैसे जयघोष से वातावरण गूंजता रहा इस अवसर पर नम्रता सिंह ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और नीति का मार्गदर्शन भी है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने सदैव अन्याय और अधर्म के खिलाफ आवाज उठाई और धर्म की स्थापना की। आज हमें भी उनके आदर्शों को जीवन में उतारने की आवश्यकता है ग्रामवासियों ने भी बड़े उत्साह के साथ अपनी परंपरा और संस्कृति को जीवंत करते हुए जन्माष्टमी के पर्व को ऐतिहासिक रूप दिया। रात्रि में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को और भी रोचक बना दिया। बच्चे नन्हे कान्हा और राधा के रूप में सजकर आकर्षण का केंद्र बने इस अवसर पर मोहला मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, महामंत्री मनोज नेताम, फकीर शाह नेताम, मानपुर मंडल महामंत्री घनश्याम कड़ियाम एवं वीरानारायण उईके भी उपस्थित रहे नम्रता सिंह ने इस अवसर पर ग्रामवासियों के उज्जवल भविष्य और सुख-समृद्धि की मंगलकामनाएं कीं और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने, परंपराओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी में संस्कार भरने का माध्यम बनते हैं गांव में दीप सजावट, प्रसाद वितरण, झूला सजाने और भजन मंडली की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक भजन-कीर्तन, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया।

