
महासमुंद पुलिस ने 19 क्विंटल 98 किलो गांजा किया नष्ट, कीमत 10.35 करोड़ रुपये से अधिक
57 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त गांजे का बेलसोंडा स्थित प्लांट में किया गया नष्टीकरण, ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही जब्त गांजे के नष्टीकरण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में महासमुंद पुलिस ने बुधवार को जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 57 प्रकरणों में जब्त कुल 19 क्विंटल 98 किलो 543 ग्राम गांजे का नियमानुसार नष्टीकरण किया। नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 10 करोड़ 35 लाख 13 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप 25 नवंबर 2026 को बेलसोंडा स्थित बालाजी प्लांट में नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक महासमुंद, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी की मौजूदगी में जब्त गांजे का भौतिक सत्यापन करने के बाद उसे नष्ट किया गया।
नष्टीकरण की कार्रवाई में जिले के छह थानों के कुल 57 प्रकरणों में जब्त गांजा शामिल था। इनमें थाना कोमाखान के 21, थाना बसना के 14, थाना सिंघोड़ा के 18, थाना महासमुंद का 1, थाना सरायपाली के 2 और थाना बागबाहरा का 1 प्रकरण शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, नष्ट किए गए सभी 57 प्रकरण वर्ष 2026 के हैं। इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया।





