Homeछत्तीसगढ़*दुर्गम रास्तों और तालपेरू नदी को ट्रैक्टर से पार कर, सुदूर गांवों...

*दुर्गम रास्तों और तालपेरू नदी को ट्रैक्टर से पार कर, सुदूर गांवों में पहुंचे कलेक्टर श्री विश्वदीप, ग्रामीणों की समस्याओं से हुए रूबरू*

*दुर्गम रास्तों और तालपेरू नदी को ट्रैक्टर से पार कर, सुदूर गांवों में पहुंचे कलेक्टर श्री विश्वदीप, ग्रामीणों की समस्याओं से हुए रूबरू*

 

*डोंडीतुमनार, गमपुर और पीड़िया में लगी प्रशासन की जनचौपाल, ग्रामीणों से सीधा संवाद कर जानी जमीनी हकीकत*

 

*गमपुर में रात के अंधेरे में भी लगी जनचौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर निराकरण के दिए निर्देश*

 

*सड़क, बिजली, पेयजल, पुल-पुलिया सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर*

 

*दक्षिण बस्तर जिला बीजापुर 11 नवम्बर 2026*

जिले के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने और ग्रामीणों की समस्याओं का प्रत्यक्ष निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने ग्राम पंचायत डोंडीतुमनार, गमपुर एवं पीड़िया का दौरा कर जनचौपाल लगाई। इस दौरान अधिकारियों ने दुर्गम रास्तों और तालपेरू नदी को ट्रैक्टर से पार कर दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। वहीं गमपुर में रात्रि के समय भी जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना।

 

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं गांवों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ अंतिम छोर पर बसे प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

*ग्रामीणों की समस्याओं पर संवेदनशीलता, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश*

 

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, पुल-पुलिया, विद्युत व्यवस्था, बाजार व्यवस्था सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं एवं मांगें रखीं। कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

 

उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ गांवों में आवागमन की सुविधा, पेयजल की उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीणों की मांगों के अनुरूप आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

*गमपुर में रात्रिकालीन जनचौपाल, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद*

 

दूरस्थ ग्राम गमपुर में रात्रि के समय आयोजित जनचौपाल प्रशासन की संवेदनशील एवं जनोन्मुखी कार्यशैली का उदाहरण बनी। कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी दैनिक कठिनाइयों, विकास संबंधी आवश्यकताओं और शासकीय योजनाओं की पहुंच के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

 

इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांगों एवं समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

 

*श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार एवं एग्री स्टैक पंजीयन की दी जानकारी*

 

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। श्रम कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र, एग्री स्टैक पंजीयन, आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड के महत्व और उपयोगिता के बारे में बताते हुए इनके निर्माण एवं अद्यतन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

 

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने तथा पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

 

*प्रधानमंत्री आवास एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर*

 

कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

 

उन्होंने ग्रामीणों को आवास, रोजगार, आजीविका संवर्धन एवं अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की पहचान कर योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।

 

*अंतिम छोर के गांवों तक विकास पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता*

 

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

 

डोंडीतुमनार, गमपुर एवं पीड़िया में आयोजित जनचौपाल के माध्यम से शासन-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। दुर्गम रास्तों और नदी को पार कर अधिकारियों का गांवों तक पहुंचना इस बात का परिचायक है कि जिला प्रशासन सुदूर अंचलों में विकास की पहुंच सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर एसडीएम श्री राकेश साहू सीईओ जनपद पंचायत श्री मनीष भारती सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद थे।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES