*आदिवासी लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों से सराबोर हुआ बीजापुर, मद्देड़ बाजा पार्टी ने मारी बाजी*
*शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के तहत जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन*
*प्रथम स्थान प्राप्त मद्देड़ बाजा पार्टी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी बीजापुर जिले का प्रतिनिधित्व*
*विजेता दलों को 5 हजार एवं 3 हजार रुपए की पुरस्कार राशि देकर किया गया सम्मानित*
बीजापुर 11 नवम्बर 2026
कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय आदिवासी लोक नृत्य प्रतियोगिता 2026 का आयोजन नवोदय विद्यालय परिसर, बीजापुर में उत्साहपूर्ण एवं सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ। आदिवासी संस्कृति, कला एवं परंपराओं के संरक्षण तथा संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए लोक नर्तक दलों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, वाद्ययंत्रों एवं आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से समृद्ध जनजातीय संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में लोक नर्तक दलों की प्रस्तुतियों ने आदिवासी समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, परंपरागत जीवनशैली एवं लोक कलाओं की विविधता को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों और लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
*मद्देड़ बाजा पार्टी ने प्राप्त किया प्रथम स्थान, राज्य स्तर पर करेगी जिले का प्रतिनिधित्व*
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागी दलों ने अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रस्तुतियों के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए चार सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागी दलों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के उपरांत मद्देड़ बाजा पार्टी को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त दल का चयन राज्य स्तरीय आदिवासी लोक नृत्य प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जहां यह दल बीजापुर जिले का प्रतिनिधित्व करेगा।
*विजेता दलों को नगद पुरस्कार देकर किया गया प्रोत्साहित*
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग द्वारा प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त दलों को क्रमशः 5 हजार रुपए एवं 3 हजार रुपए की नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए आदिवासी लोक कलाओं एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में श्री घासीराम नाग, श्री संदीप तेलम, श्री मुन्नालाल ताती, श्री बुधरू तेलम एवं श्री कमलेश पैकरा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्री कमलेश पैकरा, श्री बी.डी. चेलक, श्रीमती सरिता दुब्बा एवं श्री अमित गांधरला शामिल रहे।
शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के माध्यम से स्थानीय लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ। साथ ही यह आयोजन जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक लोक नृत्य एवं लोक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन तथा सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

