*खेत-खलिहानों की समृद्धि और अगाध आस्था का प्रतीक: मरार समाज का अनूठा पर्व ‘बुलाई माता’*
*दीपक मरकाम की खास न्यूज़ रिपोर्ट*
बीजापुर भोपाल पटनम,11/11/2026
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में इन दिनों प्रकृति, कृषि और संस्कृति के अनूठे संगम का पर्व ‘बुलाई माता’ पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
दीपावली की अमावस्या से जुड़ा यह पर्व बीजापुर जिले के मरार समाज की प्राचीन परंपरा, अटूट एकता और कृषि संस्कृति का जीवंत दस्तावेज है।
बीजापुर जिले सहित अन्य ग्राम पंचायत , गोल्लगुडा, वरदली, बारेगुडा, दम्पया, मद्देड़ ,और मुत्तापुर में यह पर्व विशेष रूप से मनाया जाता है।
जमीन से जुड़ी आस्था और ‘बुलाई माता’ का स्वरूप
मरार समाज के लोगों का मुख्य पेशा पीढ़ियों से खेती-किसानी रहा है।
किसान भाई अपनी फसल की बंपर पैदावार, धन-दौलत में बरकत और खेतों की समृद्धि के लिए माता लक्ष्मी के ही स्वरूप में ‘बुलाई माता’ की पूजा-अर्चना करते हैं।
चूंकि मरार समाज की मातृभाषा मराठी है, इसलिए इस पावन पर्व को वे अपनी भाषा में ‘बुलाई माता’ के नाम से पुकारते और पूजते हैं।
छत्तीसगढ़ के अन्य अंचलों में इसी पक्ष में गोरा-गौरी पूजन की परंपरा है, वहीं मरार समाज में यह पर्व अपनी विशिष्ट कृषि संस्कृति के साथ मनाया जाता है।
दीमक की मिट्टी से गढ़ी जाती है मां की आस्था
इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पवित्र और पारंपरिक निर्माण विधि है।
समाज के प्रमुखों द्वारा विधि-विधान से एक व्यक्ति को उपवास (व्रत) के लिए चुना जाता है, जो पूरी पवित्रता के साथ दीमक के टीले (डेंगुर मिट्टी) की विशेष गद्दी और उसी मिट्टी से माता की मूर्ति का निर्माण करता है।
यह पूरा आयोजन समाज के प्रमुखों और युवा कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में संपन्न होता है।
माता की स्थापना से लेकर विसर्जन तक—3, 5, 7 या 9 दिनों के अंतराल के अनुसार—समाज के सभी लोग अपनी सुविधा और परंपरा के अनुसार इसका पालन विसर्जन करते हैं।
*15 हजार आबादी और एकता की मिसाल*
बीजापुर जिले में मरार समाज की लगभग 15,000 की आबादी है।
अपनी बसाहट के अनुसार समाज के सभी लोग इस पर्व में एक सूत्र में बंधकर शामिल होते हैं।
महिलाएं पारंपरिक सोलह श्रृंगार कर मां लक्ष्मी (बुलाई माता) को प्रसन्न करने के लिए आराधना करती हैं।
दो दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में पारंपरिक नाच-गान, देर रात तक डीजे की धुन पर उत्सव का उल्लास और समाज के हर वर्ग की सहभागिता यह साबित करती है कि यह पर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि मरार समाज की एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक पहचान का सबसे बड़ा प्रतीक है।
हर्षोल्लास के साथ विसर्जन
निश्चित समयावधि पूरी होने के बाद, माता की गद्दी और मूर्ति का विसर्जन बड़े ही धूमधाम, बाजे-गाजे, नाचते-गाते और जयकारों के बीच किया जाता है।
यह परंपरा दिखाती है कि किस प्रकार अन्नदाता समाज अपनी माटी, अपने पुरखों और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करता है।

