प्राथमिक शाला के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, संयोग से उसी दिन छात्रा का जन्मदिन भी मनाया गया

बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायत मधोता-02 अंतर्गत प्राथमिक शाला खैरगुड़ा के नवनिर्मित भवन का सोमवार को लोकार्पण किया गया। मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के बाद सरपंच ईश्वर मंडावी एवं तयसिंह ठाकुर ने फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया। इस दौरान भाजपा बस्तर मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

सीमित सुविधाओं के बावजूद विद्यार्थियों ने बनाई पहचान
प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय और एकलव्य विद्यालय में होता रहा है। अब नवनिर्मित भवन मिलने से विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी, वहीं शिक्षकों को भी शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सहूलियत होगी। विद्यालय से विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में होते रहना क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रयासों को दर्शाता है।
कार्यक्रम में सरपंच ईश्वर मंडावी एवं भाजपा बस्तर मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण की बुनियाद है। शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों, पालकों और ग्रामीणों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने विद्यालय के विकास और परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सामूहिक सहयोग की अपील की।
भवन लोकार्पण के साथ मनाया छात्रा का जन्मदिन
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की एक छात्रा का जन्मदिन भी था। सरपंच ईश्वर मंडावी ने इसे सुखद संयोग बताया। भवन के लोकार्पण के बाद उसी परिसर में केक काटकर छात्रा का जन्मदिन मनाया गया। सरपंच ईश्वर मंडावी और मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी ने छात्रा को जन्मदिन की बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधान अध्यापक ने जताया आभार, स्वच्छता के लिए श्रमदान की अपील
प्राथमिक शाला के प्रधान अध्यापक छन्नू राम मंडावी ने नवनिर्मित भवन के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार जताया। उन्होंने पालकों से विद्यालय परिसर की साफ-सफाई में श्रमदान करने और परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा बस्तर मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, लोकनाथ ठाकुर, बलदेव, राजपाल सिंह ठाकुर, घेनवा ठाकुर, सुखदेव ठाकुर, मुरली, त्रिनाथ, सोनसाय, संजय सिंह, नरेश, गिरिराम, मनोज कुमार, सुरेश, डमरू यादव, शिक्षिका इंदुमती एवं लिकेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

