

बसना में 6 अगस्त को लगेगा न्यूरोलॉजी एवं किडनी रोग विशेषज्ञों का विशेष परामर्श शिविर
बसना। क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना एवं रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को विशेष स्वास्थ्य परामर्श एवं ओपीडी शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में न्यूरोलॉजी और किडनी रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर उचित उपचार एवं परामर्श देंगे।
किडनी रोग एवं प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. संदीप सिंघल सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मरीजों को परामर्श देंगे। शिविर में किडनी से जुड़ी समस्याओं जैसे चेहरे और पैरों में सूजन, बार-बार या कम पेशाब आना, पेशाब में तकलीफ, उच्च रक्तचाप, मधुमेह से संबंधित किडनी रोग तथा डायलिसिस व किडनी प्रत्यारोपण संबंधी सलाह दी जाएगी। अस्पताल में स्मार्ट कार्ड एवं राशन कार्ड धारकों के लिए डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध है तथा विभिन्न बीमा कंपनियों की मान्यता प्राप्त है।
वहीं वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अर्पित अग्रवाल सुबह 10 बजे से मरीजों का परीक्षण करेंगे। शिविर में माइग्रेन, लगातार सिरदर्द, लकवा (पैरालिसिस), मिर्गी, हाथ-पैरों में कमजोरी, नसों की समस्या, हाथों में कंपन, झुनझुनी, चक्कर, बेहोशी, याददाश्त कमजोर होना, डायबिटिक न्यूरोपैथी सहित मस्तिष्क एवं नसों से संबंधित विभिन्न रोगों का विशेषज्ञ उपचार और परामर्श दिया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि किडनी या मस्तिष्क एवं नसों से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर इस विशेष ओपीडी शिविर का लाभ उठाएं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से मरीजों को रायपुर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय पर जांच एवं उपचार मिल सकेगा।



