भानुप्रतापपुर में 200 ट्रक फंसे
रावघाट रेल परियोजना से प्रभावित किसानों का आंदोलन लगातार दसवें दिन भी जारी है। नौकरी और उचित मुआवजा की मांग को लेकर अंतागढ़ में डटे इन किसानों ने पहले रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी थी, लेकिन फिलहाल उन्होंने लोह अयस्क परिवहन को बाधित कर दिया है।
प्रदर्शनकारी किसानों ने रावघाट से निकल रहे लौह अयस्क से भरे ट्रकों को भानुप्रतापपुर के पास रोक दिया। आंदोलनकारियों ने करीब 200 ट्रकों को रोका है, जिसके कारण लोह अयस्क अंतागढ़ रेक पॉइंट तक नहीं पहुंच पाया। इससे अब रेल यातायात पर भी असर दिखाई देने लगा है।
प्रशासन और परिवहन से जुड़ी ठेकेदार कंपनियां आंदोलनकारियों से लगातार संवाद स्थापित करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई है। किसानों की मांग है कि जब तक उन्हें परियोजना से हुए नुकसान की भरपाई के रूप में नौकरी और मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक वे अयस्क परिवहन रोकने का आंदोलन जारी रखेंगे।
स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमला सतर्क है और आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल लोह अयस्क की आपूर्ति बाधित होने से रावघाट रेल परियोजना और उससे जुड़ी इकाइयों पर प्रभाव पड़ना शुरू हो गया है।



