*बीजापुर में सात दिवसीय योग प्रशिक्षक शिविर का समापन: 155 नए प्रशिक्षक तैयार, गांवों तक पहुंचेगा ‘योग से निरोग’ का संदेश*
*बीजापुर एजुकेशन सिटी में गूंजा ‘योग से निरोग’ का मंत्र, योग प्रशिक्षकों ने पूरी की 7 दिनों की कठिन साधना*
बीजापुर 09 सितम्बर 2026
बीजापुर जिला मुख्यालय स्थित एजुकेशन सिटी में 2 सितंबर से शुरू हुआ सात दिवसीय पुरुष योग प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। छत्तीसगढ़ शासन योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल जी द्वारा शुरू किए गए इस शिविर का समापन समारोह योग आयोग के निज सचिव श्री गौरव देवांगन जी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
सात दिनों तक चले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में जिले के चारों विकासखंडों से आए 155 नए योग प्रशिक्षकों ने भाग लिया।
समापन अवसर पर प्रशिक्षकों ने अतिथियों के समक्ष कठिन योगासनों का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही गीत, अमृत वचन, सुभाषित, नुक्कड़ नाटक और जागरण अभियानों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।
सुबह 6 से रात 10 बजे तक चला कठिन प्रशिक्षण
आयोजन समिति के सदस्य श्री भूपत नक्का ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक व्यस्त दिनचर्या रहती थी। सुबह योगासन व प्रायोगिक प्रशिक्षण, दोपहर में बौद्धिक सत्र, शाम को खेलकूद और रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे।
शिविर के दौरान ही शिक्षक दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।
सामाजिक सरोकार निभाते हुए योग आयोग की ओर से शहर में जागरूकता मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, वहीं तीन योग प्रशिक्षकों ने रक्तदान कर समाज को एक प्रेरक संदेश दिया।
योग को शहरों से गांवों की ओर ले जाने का लक्ष्य
समारोह के मुख्य अतिथि श्री गौरव देवांगन ने कहा कि योग का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि अब इसे शहरों से गांवों की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
बस्तर के हर क्षेत्र में योग का विस्तार कर ‘योग से निरोग’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशिक्षकों को प्रेरित करते हुए नियमित अभ्यास करने और भविष्य में योग पदों के लिए समय पर आवेदन भेजने की सलाह दी।
इन गणमान्य जनों की रही उपस्थिति,,
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विभाग प्रचारक श्री महेंद्र नायक, शहीद वेंकट राव महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनंत साहू, जिला आयुष अधिकारी श्री विनोद ठाकुर, योग आयोग सदस्य श्री एल. आर. निषाद, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री भवनेश्वर सिंह चौहान, डाइट उप-प्राचार्य श्री वेंकट रमन येतला, राजकुमार मोडियम एवं प्रेमलता दुर्गम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भूपति नक्का, नंद किशोर राणा, अवध सिन्हा, सुधाकर तोगर, राकेश पुजारी, मनोज कावटी एवं पूर्व योग प्रेरकों का विशेष योगदान रहा। अंत में जिला आयुष अधिकारी विनोद ठाकुर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की आधिकारिक घोषणा की।

