सरायपाली. सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र हितग्राहियों को अप्रैल से जून माह तक का राशन एकमुश्त प्रदान किए जाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत अंत्योदय, प्राथमिकता एवं निराश्रित श्रेणी के राशन कार्डधारियों को तीन माह का चावल मुफ्त दिया जाएगा।
इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से 17 मार्च को आदेश जारी किया गया है, जिसमें 31 मार्च तक आवश्यक भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार, एक अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच तीन माह का राशन वितरण किया जाएगा। हालांकि प्रत्येक माह के लिए हितग्राहियों को अलग-अलग बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कराना होगा, यानी तीन माह के राशन के लिए तीन बार अंगूठा लगाना अनिवार्य रहेगा। इधर, जिले में राशन भंडारण और वितरण को लेकर पहले से ही स्थिति संतोषजनक नहीं रही है। विकासखंड के अधिकांश शासकीय उचित मूल्य दुकानों में भंडारण में देरी के कारण हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिल पाया है। पूर्व में फरवरी और मार्च माह का राशन एक साथ वितरण करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर यह व्यवस्था पूरी तरह लागू नहीं हो सकी। कई स्थानों पर केवल एक माह का ही भंडारण हुआ, जबकि मार्च माह का स्टॉक भी 18 तारीख के बाद पहुंचा। वर्तमान में मार्च माह का राशन वितरण भी पूर्ण रूप से संपन्न नहीं हो पाया है। इसी बीच 21 से 25 मार्च तक राज्यभर में सॉफ्टवेयर अपडेट और वित्तीय वर्ष की तैयारियों के चलते राशन वितरण प्रभावित रहेगा। इस अवधि में सभी उचित मूल्य दुकानों की ई-पॉस मशीनें बंद रहेंगी, जिससे चावल, शक्कर सहित अन्य सामग्री का वितरण नहीं हो सकेगा। साथ ही इस दौरान स्टॉक अपडेट की प्रक्रिया भी की जाएगी।
भंडारण की प्रक्रिया शुरू
सामान्य राशन कार्डधारियों को शक्कर नमक सहित अन्य सामग्री का भंडारण और वितरण स्टॉक उपलब्धता के आधार पर प्रति माह अलग-अलग किया जाएगा। साथ ही उचित मूल्य दुकानों में चावल उत्सव मनाने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकआपूर्ति निगम के जिला प्रभारी विनोद बुधिचा से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पहले ही भंडारण के लिए अलॉटमेंट जारी हुआ है, भंडारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राशन भंडारण के लिए पंचायत को बोलकर जगह उपलब्ध करवाया जाएगा। वहां भंडारण किया जाएगा।






