*सेवा संकल्प अभियान को दें व्यापक स्वरूप, पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ — कलेक्टर श्री विश्वदीप*,,,,,,,,,,,,,
,,,,,,,,,, तेजनारायण सिंह की रिपोर्ट,,,,,,,,,
*समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, 1 एवं 2 अक्टूबर को वृहद श्रमदान और स्वच्छता अभियान*
*7 अक्टूबर को मिनी स्टेडियम में होगा भव्य आयोजन, निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा*
बीजापुर,,,,,,,,,,,,, कलेक्टर श्री विश्वदीप ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों और विभागों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
*1 और 2 अक्टूबर को श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान*
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 1 एवं 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले श्रमदान कार्यक्रम में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करते हुए अभियान को वृहद स्वरूप देने को कहा।
कार्ययोजना के अनुसार 1 अक्टूबर को बीजापुर शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जबकि 2 अक्टूबर को महादेव तालाब में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित होगा। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*1 से 6 अक्टूबर तक सेवा सेतु शिविर, पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ*
सेवा सेतु अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 1 से 6 अक्टूबर तक शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविरों में नागरिकों के आवश्यक दस्तावेज सुगमतापूर्वक तैयार कराने और पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से उपलब्ध कराने को कहा।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उनके माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
*7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा, मिनी स्टेडियम में होगा भव्य कार्यक्रम*
बैठक में 7 अक्टूबर को मिनी स्टेडियम बीजापुर में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलेक्टर ने आयोजन को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप देने के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*पीएम सूर्य घर योजना के प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न करें बैंक*
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित हितग्राहियों का चयन एवं काउंसलिंग कर योजना की प्रक्रिया और लाभ की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराने तथा प्राप्त प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उपस्थित बैंकिंग अधिकारियों को योजना से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं करने और पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
*डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी और एग्रीस्टैक पंजीयन में लाएं तेजी*
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे, खसरा पंजीयन एवं गिरदावरी के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम-किसान सहित समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन एवं गिरदावरी से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही पीएम-किसान सम्मान निधि से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं एवं दस्तावेजों के बारे में किसानों को स्पष्ट रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए।
*बायपास सड़क के लिए एक सप्ताह में संयुक्त सर्वे के निर्देश*
बहुप्रतीक्षित बायपास सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विश्वदीप ने राजस्व, वन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ एक सप्ताह के भीतर संयुक्त सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगे की आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री उत्तम सिंह पंचारी सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, समस्त अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित थे।

