*ग्राम पंचायत मद्देड़ में गांधी जयंती पर चला स्वच्छता अभियान: जन-प्रतिनिधियों, पुलिस, वन विभाग और व्यापारियों ने मिलकर उठाया झाड़ू*
भोपाल पटनम, मद्देड़ 02 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर आज ग्राम पंचायत मद्देड़ में भव्य स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
इस दौरान गांव को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के संकल्प के साथ विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों ने एक साथ मिलकर साफ-सफाई में अपना अमूल्य योगदान दिया।
अभियान के तहत गांव के प्रमुख मार्गों, मेन रोड, मन्दिर परिसर,सार्वजनिक स्थलों और पंचायत परिसर की सफाई की गई।
इस श्रमदान में जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन और वन विभाग के अमले की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इन प्रमुख हस्तियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति:
जनप्रतिनिधि एवं व्यापारीगण: उप सरपंच श्याम बाबू चित्तापुरी, वरिष्ठ व्यापारी पुरुषोत्तम चित्तापुरी, लैंप्स प्रबंधक जी प्रसाद,वार्ड पंच मनोज कासोजी, किस्टैया मोरला, प्राचार्य पवन सोनी सहित अन्य पंचगण एवं जन प्रति निधियों सहित स्थानीय नागरिक।
पुलिस प्रशासन: थाना प्रभारी डोगेंद्र पॉल पात्रे एवं पुलिस थाना मद्देड़ का स्टाफ,
वन विभाग: वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेश नक्का, डिप्टी रेंजर सुखदेव कश्यप एवं वन विभाग का अमला।
स्वच्छता का दिया संदेश:
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न मानकर अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल करने का संदेश दिया।
उप सरपंच श्याम बाबू चित्तापुरी और थाना प्रभारी डोगेंद्र पॉल पात्रे ने कहा कि बापू के सपनों के भारत का निर्माण तभी संभव है जब हमारा गांव और आसपास का वातावरण स्वच्छ रहेगा।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेश नक्का ने भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता में ग्रामीणों की सहभागिता की सराहना की।
इस सामूहिक प्रयास से मद्देड़ का वातावरण पूरी तरह से स्वच्छ और उत्साहपूर्ण नजर आया।
गांव के नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक व पर्यावरण हितैषी कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संकल्प जताया।

