आज दिनांक 15 अगस्त 2026 को 199वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, पातुरपारा जिला बीजापुर(छत्तीसगढ़) द्वारा देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा उपस्थित अधिकारियों, जवानों द्वारा बंदेमात्रम एवं राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि/वाहिनी के कमांडेंट श्री आनन्द कुमार द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं तथा देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की गौरवशाली भूमिका पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बल के वीर जवानों द्वारा राष्ट्र सेवा में किए जा रहे त्याग, समर्पण एवं साहस की सराहना करते हुए सभी कार्मिकों को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया तथा राष्ट्र की सेवा एवं सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया गया। समारोह में वाहिनी के अधिकारी एवं उनके परिजन, अधीनस्थ अधिकारी, जवान, स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

199वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

